इजराइल-ईरान में सीधा सैन्य टकराव: : ‘लायंस रोर’ अभियान के बाद 400 मिसाइलों से ईरान का पलटवार, खाड़ी देशों तक फैला तनाव
Munesh Kumar Shukla Sat, Feb 28, 2026
पश्चिम एशिया में तनाव ने शनिवार सुबह गंभीर रूप ले लिया जब इजराइल ने भारतीय समयानुसार तड़के तेहरान समेत ईरान के कई शहरों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने भी इजराइल पर तीखा पलटवार करते हुए करीब 400 मिसाइलें दागने का दावा किया है।
इजराइल ने अपने इस नए सैन्य अभियान को ‘लायंस रोर’ (शेर की दहाड़) नाम दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इजराइली हमलों में ईरान के खुफिया मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के कार्यालय और परमाणु ऊर्जा संगठन को निशाना बनाया गया। हमले के बाद खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किए जाने की खबर है।
ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजराइल के कई ठिकानों को निशाना बनाने के साथ-साथ खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अड्डों पर भी मिसाइलें दागीं। कुवैत, कतर, बहरीन और सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी बेसों को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात के सबसे अधिक आबादी वाले शहर दुबई पर भी हमले की खबर है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल जज़ीरा ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि यह कार्रवाई अमेरिका और इजराइल का संयुक्त सैन्य अभियान है। हालांकि, इस पर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत जारी थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल ही में ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा था कि अमेरिका और उसके नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। ट्रम्प के अनुसार, अमेरिकी सेना ईरान की मिसाइल क्षमताओं को निष्क्रिय करने और उसके मिसाइल प्रोग्राम को समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है।
इस ताजा सैन्य टकराव ने पूरे मध्य पूर्व में अस्थिरता बढ़ा दी है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और तत्काल तनाव कम करने की अपील की है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि स्थिति पर जल्द काबू नहीं पाया गया तो यह संघर्ष व्यापक क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले सकता है।
विज्ञापन