अमेरिका : अमेरिका ने ‘डूम्सडे’ बैलिस्टिक मिसाइल का किया परीक्षण
Munesh Kumar Shukla Thu, Mar 5, 2026
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपनी सामरिक शक्ति का प्रदर्शन करते हुए एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया है। रिपोर्टों के अनुसार यह परीक्षण कैलिफोर्निया के तट पर स्थित वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से किया गया।अमेरिकी सेना ने मिनटमैन-3 बैलिस्टिक मिसाइल को देर रात लगभग 11 बजे प्रक्षेपित किया। यह मिसाइल हजारों किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पश्चिम-मध्य प्रशांत महासागर में अपने निर्धारित लक्ष्य क्षेत्र तक पहुंची।अमेरिकी स्पेस फोर्स के अनुसार यह परीक्षण नियमित सैन्य कार्यक्रम का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य मिसाइल प्रणाली की तत्परता, विश्वसनीयता और सटीकता की जांच करना था। अधिकारियों का कहना है कि इस परीक्षण का मकसद किसी देश को संदेश देना नहीं, बल्कि देश की परमाणु प्रतिरोधक क्षमता को बनाए रखना है।मिसाइल अपने लक्ष्य क्षेत्र के पास मार्शल द्वीप के आसपास समुद्र में जाकर गिरी। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार मिनटमैन-3 अमेरिका की परमाणु रक्षा प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और यह लंबी दूरी तक सटीक हमला करने की क्षमता रखती है।हालांकि इस परीक्षण का समय अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच होने के कारण इसे लेकर वैश्विक स्तर पर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के परीक्षण वैश्विक सुरक्षा संतुलन और सामरिक प्रतिस्पर्धा को लेकर नई बहस को जन्म दे सकते हैं।
विज्ञापन