एलपीजी संकट : एलपीजी संकट के बीच आज गुजरात पहुंचेगा ‘शिवालिक’ जहाज, कल आएगा ‘नंदा देवी’
Munesh Kumar Shukla Mon, Mar 16, 2026
ईरान-अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते युद्ध की वजह से दुनिया भर में तेल और गैस की आपूर्ति पर असर पड़ा है। इसका प्रभाव भारत में भी दिखाई देने लगा है, जहां एलपीजी की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। कई शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी के कारण घरेलू सिलेंडरों की मांग तेजी से बढ़ गई है, जिससे आपूर्ति पर दबाव बढ़ रहा है। हालांकि सरकार ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही है।
इसी बीच एलपीजी से लदा जहाज शिवालिक आज, सोमवार 16 मार्च को गुजरात पहुंचने वाला है। शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने इसकी पुष्टि की है। यह जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर गुजरात के मुंद्रा पोर्ट की ओर बढ़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक इस जहाज में करीब 40,000 से 50,000 मीट्रिक टन एलपीजी भारत लाई जा रही है। हालांकि सटीक मात्रा की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि ‘शिवालिक’ जहाज की कुल क्षमता लगभग 54,000 मीट्रिक टन है।
हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि भारत की रोजाना जरूरत के मुकाबले यह मात्रा ज्यादा नहीं है। एक रिपोर्ट के अनुसार देश में प्रतिदिन 55,000 मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी की खपत होती है।
वहीं अधिकारियों के मुताबिक एलपीजी से लदा एक और जहाज नंदा देवी मंगलवार, 17 मार्च को गुजरात के कांडला पोर्ट पहुंचेगा। शिपिंग मंत्रालय का कहना है कि इन जहाजों के आने से एलपीजी की आपूर्ति को कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन