ट्रंप : दुबई तट के पास तेल टैंकर पर हमला, ट्रंप की कड़ी चेतावनी
Munesh Kumar Shukla Tue, Mar 31, 2026
मध्य-पूर्व में ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव अब और गहराता नजर आ रहा है। सोमवार को दुबई के तट के पास कच्चे तेल से भरे एक टैंकर पर हमला किया गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई और इलाके में हड़कंप मच गया।
कुवैत के झंडे वाले जहाज ‘अल-सल्मी’ को निशाना बनाया गया, जो खाड़ी क्षेत्र और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास व्यापारिक जहाजों पर बढ़ते हमलों की कड़ी का ताजा मामला है। बताया जा रहा है कि जहाज करीब 20 लाख बैरल कच्चा तेल ले जाने में सक्षम है, जिसकी कीमत 200 मिलियन डॉलर से अधिक आंकी गई है।
इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी उछाल देखा गया है। जहाज के मालिक कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और समुद्र में तेल रिसाव की आशंका भी जताई जा रही है।
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोला, तो अमेरिका उसके ऊर्जा संयंत्रों और तेल कुओं पर बड़ा हमला कर सकता है।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर की गई कार्रवाई के बाद से इस क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।
विज्ञापन