अनिल अंबानी : अनिल अंबानी से CBI की पूछताछ शुरू, SBI के ‘बैंक धोखाधड़ी’ मामले में घिरे
Munesh Kumar Shukla Thu, Mar 19, 2026
रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी एक बार फिर कानूनी जांच के दायरे में आ गए हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शिकायत पर दर्ज कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। यह मामला रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom) से जुड़ा हुआ है।
SBI का आरोप है कि अनिल अंबानी और उनकी कंपनी ने बैंक से लिए गए कर्ज की शर्तों का उल्लंघन किया और धन का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया। बैंक ने जून 2025 में RCom के खातों को ‘फ्रॉड’ घोषित किया था और दावा किया कि संदिग्ध लेन-देन के चलते उसे करीब 2,929 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
FIR दर्ज होने के बाद CBI पहले ही RCom के दफ्तरों और अनिल अंबानी के आवास पर छापेमारी कर चुकी है। जांच एजेंसी का मानना है कि कंपनी द्वारा किए गए कुछ लेन-देन लोन की शर्तों के विपरीत थे।
इस बीच, बॉम्बे हाई कोर्ट ने SBI के फैसले को सही ठहराया था, जिसके बाद अनिल अंबानी ने दिसंबर में सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। उन्होंने दावा किया कि जिन दस्तावेजों के आधार पर खातों को फ्रॉड घोषित किया गया, वे उन्हें समय पर उपलब्ध नहीं कराए गए थे, बल्कि करीब छह महीने बाद दिए गए।
गौरतलब है कि कभी देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों में शामिल रही रिलायंस कम्युनिकेशंस इस समय भारी कर्ज और कारोबारी चुनौतियों के चलते दिवालियापन प्रक्रिया से गुजर रही है।
विज्ञापन