रुपया ऐतिहासिक गिरावट पर : डॉलर के मुकाबले 95 के पार, महंगाई बढ़ने का खतरा
Munesh Kumar Shukla Mon, Mar 30, 2026
भारतीय रुपया सोमवार, 30 मार्च को पहली बार अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95 के स्तर को पार कर गया। कारोबार के दौरान रुपया 88 पैसे की कमजोरी के साथ 95.58 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस गिरावट के पीछे पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव एक बड़ा कारण है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी टकराव का असर वैश्विक बाजारों पर पड़ा है, जिससे निवेशकों में अनिश्चितता बढ़ी है और इसका सीधा असर रुपये पर देखने को मिला है।
आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक महीने में रुपया करीब 4% तक गिर चुका है, जबकि पूरे वित्त वर्ष में इसमें 10% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। रुपये की इस कमजोरी का असर आम लोगों की जेब पर भी पड़ने वाला है।
रुपया कमजोर होने से विदेशों से आयात होने वाले सामान महंगे हो जाएंगे। इसमें मोबाइल फोन, सोना-चांदी और कच्चा तेल जैसे उत्पाद शामिल हैं। कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से पेट्रोल-डीजल महंगे हो सकते हैं, जिससे ट्रांसपोर्ट और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी होगी।
कुल मिलाकर, रुपये की इस गिरावट से महंगाई बढ़ने का खतरा गहरा गया है, जिससे आने वाले समय में आम जनता को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है।
विज्ञापन