क्षेत्रीय तनाव फिर बढ़ा : यूएई के बाराकाह परमाणु संयंत्र पर ड्रोन हमला
Munesh Kumar Shukla Mon, May 18, 2026
संयुक्त अरब अमीरात के बाराकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र को रविवार को ड्रोन हमले का निशाना बनाया गया। हमले में संयंत्र की बाहरी सीमा पर लगे एक इलेक्ट्रिकल जनरेटर में आग लग गई, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया।
दक्षिण कोरिया की मदद से तैयार किया गया 20 अरब डॉलर का यह परमाणु संयंत्र वर्ष 2020 में शुरू हुआ था। यह अरब प्रायद्वीप का पहला और एकमात्र परमाणु ऊर्जा संयंत्र है, जो यूएई की कुल बिजली जरूरतों का लगभग एक-चौथाई हिस्सा पूरा करता है। इसे अरब दुनिया का पहला वाणिज्यिक परमाणु ऊर्जा संयंत्र भी माना जाता है।
यूएई के परमाणु नियामक ने कहा कि आग से संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई है और सभी इकाइयां सामान्य रूप से काम कर रही हैं। हालांकि, सरकार ने हमले के लिए किसी देश या संगठन को सीधे जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
वियना स्थित अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने भी इस घटना पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण इस मार्ग पर ईरान का नियंत्रण सख्त बना हुआ है, जबकि अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखे हुए है।
इस बीच, क्षेत्र में स्थायी संघर्ष विराम के लिए चल रही बातचीत भी अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है, जिससे हालात और अधिक संवेदनशील बने हुए हैं।
विज्ञापन