‘ट्रम्प एयरपोर्ट’ : ‘ट्रम्प एयरपोर्ट’ बनने जा रहा फ्लोरिडा का बड़ा हवाई अड्डा
Munesh Kumar Shukla Wed, Apr 1, 2026
अमेरिका के फ्लोरिडा में स्थित पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर अब डोनाल्ड ट्रम्प के नाम पर रखने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसैंटिस ने बिल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं, जिसके तहत एयरपोर्ट का नया नाम ‘प्रेसिडेंट डोनाल्ड जे. ट्रम्प इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ होगा।
अब इस नाम को लागू करने के लिए प्रस्ताव फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद फ्लाइट चार्ट, नेविगेशन सिस्टम और एयरपोर्ट साइनेज में बदलाव किए जाएंगे। अगर सब कुछ तय समय पर हुआ, तो 1 जुलाई से नया नाम लागू हो सकता है।
इस फैसले के लागू होने पर ट्रम्प ऐसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बन जाएंगे, जिनके कार्यकाल के दौरान ही उनके नाम पर किसी एयरपोर्ट का नाम रखा जाएगा। यह एयरपोर्ट अमेरिका का नौवां कमर्शियल एयरपोर्ट होगा, जिसका नाम किसी राष्ट्रपति पर होगा।
यह एयरपोर्ट ट्रम्प के प्रसिद्ध मार-ए-लागो एस्टेट के बेहद करीब स्थित है, जो उनका प्रमुख निवास भी है।
अमेरिका में किसी एयरपोर्ट का नाम बदलना एक जटिल प्रक्रिया होती है, जिसमें स्थानीय, राज्य और फेडरल स्तर की मंजूरी शामिल होती है। पहले सिटी काउंसिल या एयरपोर्ट अथॉरिटी प्रस्ताव पास करती है, फिर राज्य सरकार की मंजूरी ली जाती है, और अंत में FAA द्वारा सभी तकनीकी सिस्टम में अपडेट किया जाता है।
हालांकि आमतौर पर एयरपोर्ट का IATA/ICAO कोड नहीं बदला जाता, लेकिन इस मामले में बदलाव का प्रस्ताव रखा गया है। अमेरिकी सांसद ब्रायन मस्ट ने एयरपोर्ट का कोड PBI से बदलकर DJT करने की भी सिफारिश की है, जो ट्रम्प के नाम के शुरुआती अक्षरों से मेल खाता है।
इस फैसले के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है, और अब सबकी नजर FAA की अंतिम मंजूरी पर टिकी है।
विज्ञापन