एलपीजी किल्लत : एलपीजी किल्लत में कालाबाजारी का खेल: डिलीवरी मैन गिरफ्तार, 27 सिलेंडर जब्त
Munesh Kumar Shukla Tue, Mar 24, 2026
शहर में एलपीजी की कमी के बीच अब गैस एजेंसियों के डिलीवरी कर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। उपभोक्ता जहां घंटों लाइन में लगकर सिलेंडर लेने को मजबूर हैं, वहीं उन्हीं सिलेंडरों से गैस निकालकर कालाबाजारी का खेल चलाया जा रहा है।
जिला रसद विभाग की स्पेशल टीम ने झोटवाड़ा इलाके में छापेमारी कर इस अवैध धंधे का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और मौके से 27 सिलेंडर जब्त किए गए।
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत चारण के अनुसार, सूचना मिली थी कि खिरणी फाटक रेलवे लाइन के पास उपभोक्ताओं के सिलेंडरों से गैस निकालकर अवैध रिफिलिंग की जा रही है। टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि दो गाड़ियों की आड़ में एक व्यक्ति घरेलू सिलेंडरों से दूसरे सिलेंडरों में गैस भर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेंद्र सिंह बताया, जो एक गैस एजेंसी का डिलीवरी मैन है। मौके से 14 भरे और 13 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। जब भरे सिलेंडरों का वजन किया गया तो उनमें निर्धारित 14 किलो की जगह 13.5 किलो, 12.5 किलो और 11.7 किलो गैस पाई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रोजाना सिलेंडरों से थोड़ी-थोड़ी गैस निकालकर उन्हें कम मात्रा में उपभोक्ताओं को देता था और निकाली गई गैस को ब्लैक में बेचता था।
रसद विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस सिलेंडर लेते समय उसका वजन जरूर जांचें और डिलीवरी के वक्त सतर्क रहें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
विज्ञापन