युद्ध के बीच भारत को बड़ी राहत : होर्मुज पार कर 15,400 टन LPG लेकर पहुंचा ‘ग्रीन आशा’ टैंकर
Munesh Kumar Shukla Thu, Apr 9, 2026
पश्चिमी एशिया में जारी तनाव और युद्ध के हालात के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। 15,400 टन एलपीजी लेकर भारतीय ध्वज वाला टैंकर ‘ग्रीन आशा’ सुरक्षित रूप से देश पहुंच गया है, जिससे घरेलू गैस आपूर्ति को मजबूती मिलेगी।
जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण ने गुरुवार को इस टैंकर का स्वागत किया। यह जहाज 6 अप्रैल को बेहद संवेदनशील माने जाने वाले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पार कर भारत पहुंचा।
अधिकारियों के मुताबिक, ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण इस जलडमरूमध्य पर खतरा बना हुआ है। ऐसे हालात में भारतीय टैंकर का सुरक्षित निकलना एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इससे पहले ‘ग्रीन सानवी’ नाम का एक और टैंकर भी 6 अप्रैल को होर्मुज से गुजरकर भारत पहुंच चुका है। दोनों टैंकरों के जरिए देश में एलपीजी की सप्लाई को बनाए रखने में मदद मिलेगी।
प्राधिकरण के अनुसार, यह जहाज बीपीसीएल और आईओसीएल द्वारा संचालित जेएनपीए के लिक्विड बर्थ पर लंगर डाले हुए है। ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद यह पहला मौका है जब कोई भारतीय एलपीजी टैंकर सुरक्षित रूप से इस मार्ग से होकर भारत पहुंचा है, जो देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है।
विज्ञापन