ऊर्जा सप्लाई : ऊर्जा सप्लाई में तेजी: अमेरिका-रूस से गैस और कच्चा तेल लेकर भारत पहुंचे कई जहाज
Munesh Kumar Shukla Sun, Mar 22, 2026
भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए समुद्री मार्ग से गैस और कच्चे तेल की सप्लाई लगातार जारी है। रविवार को अमेरिका के टेक्सास से लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) लेकर एक कार्गो शिप मेंगलुरु पोर्ट पहुंचा, जबकि रूस से भी एक जहाज कच्चा तेल लेकर भारत आया। पिछले 7 दिनों में करीब पांच जहाज गैस और क्रूड ऑयल लेकर देश पहुंच चुके हैं।
इससे पहले 18 मार्च को ‘जग लाडकी’ नाम का क्रूड ऑयल टैंकर गुजरात के मुंद्रा पोर्ट (अडाणी पोर्ट्स) पर पहुंचा था, जिसमें करीब 80,886 मीट्रिक टन कच्चा तेल था। यह तेल यूएई के फुजैराह पोर्ट से लोड किया गया था। वहीं, 16 और 17 मार्च को ‘एमटी शिवालिक’ और ‘एमटी नंदा देवी’ नाम के दो LPG कैरियर भी भारत पहुंचे थे, जो कुल मिलाकर करीब 92,712 मीट्रिक टन गैस लेकर आए।
शिपिंग मंत्रालय के अनुसार ‘नंदा देवी’ जहाज करीब 46 हजार टन LPG लेकर गुजरात के वडीनार (जामनगर) बंदरगाह पर पहुंचा। इन जहाजों में से कुछ होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते से होकर भारत आए, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है।
फिलहाल, फारस की खाड़ी में करीब 22 भारतीय जहाज मौजूद हैं, जो सुरक्षित बताए जा रहे हैं। होर्मुज स्ट्रेट से दुनियाभर की लगभग 20 प्रतिशत तेल आपूर्ति होती है, ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी तरह का तनाव वैश्विक ऊर्जा बाजार पर बड़ा असर डाल सकता है।
विज्ञापन