अरुणाचल : अरुणाचल पर चीन की ‘नाम बदलो’ चाल पर भारत का सख्त जवाब
Munesh Kumar Shukla Sun, Apr 12, 2026
चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों के नाम बदलने की कोशिश पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस कदम को भ्रामक, निराधार और पूरी तरह अस्वीकार्य बताया है।
विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है और इस सच्चाई को कोई भी झूठा दावा या नाम बदलने की कोशिश बदल नहीं सकती। भारत ने दो टूक कहा कि वह अपनी क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चीन द्वारा भारतीय भूभाग के स्थानों को मनगढ़ंत नाम देना एक शरारती और निरर्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें केवल भ्रम फैलाने की कोशिश हैं, जिनका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है।
भारत ने दोहराया कि अरुणाचल प्रदेश समेत ये सभी क्षेत्र हमेशा से भारत का हिस्सा रहे हैं और आगे भी रहेंगे। ऐसे में चीन के दावों को भारत ने पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि देश अपनी सीमाओं और संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विज्ञापन