इंडिगो : हवाई क्षेत्र बंद होने से इंडिगो की दिल्ली-मैनचेस्टर फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी
Munesh Kumar Shukla Mon, Mar 9, 2026
राष्ट्रीय, टीवी भारतवर्ष
पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालात के कारण हवाई यातायात पर भी असर पड़ रहा है। इसी बीच एयरलाइन इंडिगो की दिल्ली से मैनचेस्टर जा रही एक उड़ान को बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। यह फ्लाइट करीब सात घंटे तक हवा में रहने के बाद फिर से दिल्ली लौट आई। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में कुछ हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण विमान को वापस आने का फैसला लेना पड़ा।एयरलाइन के मुताबिक पश्चिम एशिया और उसके आसपास की स्थिति तेजी से बदल रही है। ऐसे हालात में कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लंबा रास्ता लेना पड़ सकता है या सुरक्षा कारणों से उन्हें बीच रास्ते से ही मोड़ना पड़ रहा है। इसी वजह से इस उड़ान को भी अपने शुरुआती स्थान दिल्ली लौटना पड़ा। इंडिगो ने बताया कि यात्रियों की आगे की यात्रा फिर से शुरू कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और एयरपोर्ट एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। कंपनी के अनुसार यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और उसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया।इस घटना की जानकारी सबसे पहले फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइटरडार24 ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की थी। ट्रैकिंग डेटा के अनुसार विमान ने इथियोपिया और इरिट्रिया की सीमा के पास यू-टर्न लिया और फिर भारत की ओर लौट गया।
विज्ञापन