डोनाल्ड ट्रंप : ईरान ने ट्रंप की चेतावनी का दिया कड़ा जवाब
Munesh Kumar Shukla Tue, Mar 10, 2026
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी का कड़ा जवाब दिया है। ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की सप्लाई रोकी तो अमेरिका उस पर भीषण हमला करेगा।
इसके जवाब में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने सख्त बयान देते हुए कहा कि अगर हालात और बिगड़े तो होर्मुज जलडमरूमध्य से “एक लीटर तेल भी बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।” ईरान की इस चेतावनी के बाद अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में चिंता और अनिश्चितता बढ़ गई है।
दरअसल, होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री तेल मार्गों में से एक माना जाता है। वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है। खाड़ी क्षेत्र के कई प्रमुख तेल उत्पादक देश जैसे सऊदी अरब, कुवैत, इराक और संयुक्त अरब अमीरात अपने तेल निर्यात के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं। ऐसे में अगर यह जलमार्ग बंद होता है तो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता है।
ऊर्जा विशेषज्ञ शनाका एंस्लेम परेरा का कहना है कि इस तरह के बयान वैश्विक ऊर्जा बाजार में डर पैदा करते हैं और इससे तेल व गैस की कीमतों में तेज उछाल आ सकता है। उनका मानना है कि अगर तनाव और बढ़ता है तो कई देशों में ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकती हैं।
विश्लेषकों के मुताबिक खाड़ी क्षेत्र में बढ़ता तनाव वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए भी खतरे की घंटी है। ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने से महंगाई बढ़ सकती है, उद्योगों पर असर पड़ सकता है और कई देशों की आर्थिक वृद्धि की रफ्तार भी धीमी पड़ सकती है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
विज्ञापन