होर्मुज में बढ़ी सैन्य हलचल : ईरान को आज ही माननी होगी शांति डील, बोले मार्को रुबियो
Munesh Kumar Shukla Sun, May 24, 2026
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ईरान चाहे तो आज ही शांति समझौते को स्वीकार कर सकता है। यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर ईरान के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर तेहरान से रवाना हुए हैं।
भारत दौरे पर पहुंचे मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत में कुछ प्रगति हुई है और इस मुद्दे को किसी न किसी तरह हल करना ही होगा। उन्होंने दोहराया कि अमेरिका किसी भी स्थिति में ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। रुबियो ने कहा कि ईरान को अपना अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम सौंपना होगा और संवर्धन के मुद्दे का समाधान ही किसी समझौते की कुंजी बनेगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की प्राथमिकता हमेशा कूटनीतिक बातचीत के जरिए समाधान निकालने की रही है और फिलहाल उसी दिशा में काम जारी है। अमेरिका को उम्मीद है कि यह पूरा विवाद बिना युद्ध के बातचीत से सुलझ जाएगा।
इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में भी तनाव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। ईरान की अर्ध-सरकारी फ़ार्स समाचार एजेंसी के मुताबिक, आईआरजीसी नौसेना की निगरानी में पिछले 24 घंटों के दौरान कम से कम 25 जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरे। इनमें तेल टैंकर, कंटेनर जहाज और अन्य वाणिज्यिक पोत शामिल थे।
आईआरजीसी ने दावा किया कि इन जहाजों की आवाजाही कड़ी सुरक्षा और समन्वय के तहत कराई गई। इससे एक दिन पहले भी ईरान ने बताया था कि 35 जहाज इसी मार्ग से उसकी निगरानी में पार हुए थे।
उधर अमेरिकी केंद्रीय कमान ने दावा किया है कि उसने अब तक होर्मुज जलडमरूमध्य में 100 ईरानी जहाजों का मार्ग बदला है। कमान के अनुसार, राष्ट्रपति के आदेश पर 13 अप्रैल से ईरानी बंदरगाहों की ओर आने-जाने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर नाकाबंदी अभियान चलाया जा रहा है।
अमेरिकी सेना का कहना है कि पिछले छह हफ्तों में 15 हजार से अधिक सैनिकों, नौसैनिकों, मरीन और वायुसैनिकों ने अभियान में हिस्सा लिया, जिसके दौरान 100 जहाजों का रास्ता बदला गया, चार जहाजों को निष्क्रिय किया गया और 26 मानवीय सहायता जहाजों को सुरक्षित गुजरने की अनुमति दी गई।
विज्ञापन