ईरान : ईरान का इजरायल पर बड़ा मिसाइल हमला, 16वें दिन और भड़का युद्ध
Munesh Kumar Shukla Sun, Mar 15, 2026
मध्य पूर्व में जारी युद्ध अब और गंभीर हो गया है। ईरान और इज़रायल के बीच संघर्ष 16वें दिन में प्रवेश कर चुका है। इसी बीच ईरान ने इजरायल पर बड़ा मिसाइल हमला किया है। हमले के बाद सामने आए वीडियो में कई जगहों पर आग की भयानक लपटें उठती दिखाई दे रही हैं। इसे ईरान द्वारा इजरायल पर किए गए अब तक के बड़े मिसाइल हमलों में से एक माना जा रहा है।
इज़रायल स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में इस हमले में 108 लोग घायल हुए हैं। वहीं दूसरी ओर तेहरान में भी कई विस्फोटों की खबरें सामने आई हैं और हताहतों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
ईरानी अधिकारियों का दावा है कि अब तक 1,300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि मरने वालों की वास्तविक संख्या इससे भी अधिक हो सकती है।
दरअसल, यह संघर्ष 28 फरवरी को बड़े हवाई हमलों के साथ शुरू हुआ था, जो अब एक बड़े युद्ध का रूप ले चुका है। लगातार हो रहे हवाई और मिसाइल हमलों के साथ दोनों देशों के नेताओं के तीखे बयानों ने हालात को और तनावपूर्ण बना दिया है।
इस युद्ध का असर सिर्फ दोनों देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र पर पड़ रहा है। साथ ही वैश्विक तेल आपूर्ति और महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
इधर, हाल के घंटों में ईरानी मीडिया ने राजधानी तेहरान में भी कई जोरदार विस्फोटों की खबर दी है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
विज्ञापन