नेतन्याहू : ईरान का नेतन्याहू को लेकर बड़ा बयान, ‘जिंदा हैं तो ढूंढकर मारेंगे’
Munesh Kumar Shukla Sun, Mar 15, 2026
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष का आज 16वां दिन है। इसी बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर तीखा बयान दिया है।
कतर के समाचार चैनल Al Jazeera की रिपोर्ट के मुताबिक IRGC ने कहा कि यदि नेतन्याहू जिंदा हैं तो उन्हें ढूंढकर निशाना बनाया जाएगा। IRGC ने बयान में कहा, “अगर बच्चों का हत्यारा जीवित है, तो हम पूरी ताकत से उसका पीछा करेंगे और उसे मारेंगे।”
दरअसल, 13 मार्च को बेंजामिन नेतन्याहू का एक वीडियो संदेश सामने आया था। इस वीडियो के एक फ्रेम को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि वीडियो में उनके दाएं हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं, जिसके बाद कई लोगों ने इसे एआई या डीपफेक वीडियो बताया।
सोशल मीडिया पर इसके बाद कई तरह की अफवाहें भी फैलने लगीं। कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि ईरानी हमले में नेतन्याहू की मौत हो गई है, जबकि कुछ में कहा गया कि वे जर्मनी भाग गए हैं।
हालांकि इन सभी दावों को खारिज करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया कि बेंजामिन नेतन्याहू पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके बारे में फैलाई जा रही ऐसी खबरें पूरी तरह फर्जी हैं।
विज्ञापन