ईरान : होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की सख्ती, कराची जा रहे जहाज को लौटाया
Munesh Kumar Shukla Wed, Mar 25, 2026
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने एक अहम कदम उठाते हुए कराची जा रहे एक कंटेनर जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति न मिलने के कारण वापस लौटा दिया। इस बारे में जानकारी काबुल स्थित ईरानी दूतावास की ओर से दी गई।
बयान के अनुसार, ‘सेलेन’ नामक कंटेनर जहाज को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर की नौसेना ने रोका, क्योंकि वह आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं कर रहा था और उसे जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति नहीं मिली थी। ईरान ने स्पष्ट किया है कि इस मार्ग से गुजरने वाले सभी जहाजों के लिए उसके समुद्री प्राधिकरण के साथ समन्वय जरूरी है।
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए आईआरजीसी नौसेना के रियर एडमिरल अलीरेज़ा तंगसिरी ने कहा कि बिना अनुमति जहाज को आगे बढ़ने नहीं दिया गया और उसे वापस भेज दिया गया। अब सभी जहाजों को इस मार्ग से गुजरने के लिए ईरानी अधिकारियों से अनुमति लेनी होगी।
गौरतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और गैस व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा संभालता है और यह दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक है। मौजूदा क्षेत्रीय तनाव के कारण यहां गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
इसी बीच ईरानी सांसद अलाएद्दीन बोरौजेर्दी ने इसे दशकों बाद जलडमरूमध्य में नए संप्रभु नियंत्रण का संकेत बताया है। यह घटनाक्रम पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच काफी अहम माना जा रहा है।
विज्ञापन