मिडिल ईस्ट में जंग और तेज : इजरायली हमले में IRGC प्रवक्ता अली मोहम्मद की मौत
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 20, 2026
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच ईरान को एक और बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायली हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता अली मोहम्मद की मौत हो गई है। ईरान ने भी इस खबर की पुष्टि कर दी है, जिससे हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं।
इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी इस संघर्ष का आज 21वां दिन है और हर दिन हालात और गंभीर होते जा रहे हैं। हाल ही में ईरान द्वारा हाइफा शहर पर किए गए हमले के जवाब में इजरायल ने तेहरान पर जोरदार पलटवार किया। राजधानी तेहरान में एक के बाद एक कई धमाकों की खबर है, जिससे पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि इजरायल लगातार मिसाइल हमलों के जरिए तेहरान को निशाना बना रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में तेज धमाकों की आवाजें और बड़े विस्फोट देखे जा सकते हैं।
वहीं, इससे पहले ईरान ने खाड़ी देशों पर भी बड़ा हमला किया था। गुरुवार रात ईरान ने दुबई, बहरीन, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को निशाना बनाया। दुबई प्रशासन ने हमले की पुष्टि की है, जबकि बहरीन में एक गोदाम पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
खाड़ी देशों में तैनात अमेरिकी एयर डिफेंस सिस्टम इन हमलों को रोकने की कोशिश में जुटा हुआ है। लगातार बढ़ते हमलों के चलते पूरे मिडिल ईस्ट में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।
विज्ञापन