टारगेटेड अटैक की आशंका : पाकिस्तान में LeT कमांडर शेख अफरीदी की हत्या
Munesh Kumar Shukla Mon, Apr 27, 2026
खैबर पख्तूनख्वा में एक अज्ञात हथियारबंद हमलावर ने लश्कर-ए-तैयबा के वरिष्ठ कमांडर शेख अफरीदी की हत्या कर दी। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला सुनियोजित था और सुरक्षा एजेंसियां इसे ‘टारगेटेड स्ट्राइक’ मान रही हैं। अफरीदी को संगठन के संस्थापक हाफिज सईद का करीबी माना जाता था और वह क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहा था।
इससे पहले 16 अप्रैल को लाहौर में LeT के सह-संस्थापक आमिर हमजा पर भी अज्ञात हमलावरों ने हमला किया था। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई थी। वहीं, मार्च में जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर के भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख अफरीदी खैबर पख्तूनख्वा में लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क का प्रमुख हिस्सा था और स्थानीय स्तर पर उसकी मजबूत पकड़ थी। वह संगठन के लिए भर्ती, विचारधारा के प्रसार और ऑपरेशनल गतिविधियों के समन्वय में सक्रिय भूमिका निभाता था। सुरक्षा एजेंसियों को उसके जम्मू-कश्मीर से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने का भी संदेह था।
विज्ञापन