इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान हादसा, 8 लोगों की दर्दनाक मौत : मध्य प्रदेश
Munesh Kumar Shukla Wed, Mar 18, 2026
मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। बंगाली चौराहे के पास स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में सुबह करीब 4 बजे आग लगने से 8 लोगों की जान चली गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर के बाहर चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी, जो तेजी से पूरे मकान में फैल गई।
देखते ही देखते तीन मंजिला मकान आग की चपेट में आ गया। घर के अंदर रखे गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने से आग और भी भयावह हो गई। धमाकों के कारण मकान का एक हिस्सा ढह गया, जिससे अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
इस दर्दनाक हादसे में बिहार के किशनगंज जिले के 6 लोगों समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में धर्मशाला रोड निवासी विजय सेठिया (65), मनोज सेठिया (65), सुमन सेठिया (60), सिमरन सेठिया (30), छोटू सेठिया (22) और राशि सेठिया (12) शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि विजय सेठिया पिछले कुछ समय से बीमार थे और इलाज के लिए इंदौर आए थे। वे अपने परिवार के साथ यहां रिश्तेदार पुगालिया परिवार के घर ठहरे हुए थे। इस दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार को खत्म कर दिया।
विज्ञापन