आर्टेमिस II : 50 साल बाद चांद के सबसे करीब इंसान! आर्टेमिस II मिशन की सुरक्षित वापसी ने रचा इतिहास
Munesh Kumar Shukla Sat, Apr 11, 2026
अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए NASA के आर्टेमिस II मिशन के चार अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौट आए हैं। 11 अप्रैल को सुबह 5:37 बजे (IST) उनका ओरियन कैप्सूल सैन डिएगो के तट के पास प्रशांत महासागर में सफल ‘स्प्लैशडाउन’ हुआ।
2 अप्रैल को लॉन्च हुए इस मिशन ने इतिहास रच दिया, क्योंकि 1972 के बाद पहली बार इंसान चंद्रमा के इतने करीब पहुंचा। 6 अप्रैल को अंतरिक्ष यात्रियों ने पृथ्वी से सबसे ज्यादा दूरी तय कर नया रिकॉर्ड भी बनाया। इस दौरान उन्होंने चंद्रमा के अंधेरे हिस्से की दुर्लभ तस्वीरें भी कैद कीं, जो वैज्ञानिकों के लिए बेहद अहम मानी जा रही हैं।
आर्टेमिस II मिशन का मुख्य उद्देश्य स्पेसक्राफ्ट के ‘लाइफ सपोर्ट सिस्टम’ की जांच करना था, ताकि भविष्य में इंसानों के लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने की संभावनाओं को परखा जा सके। यह मिशन भले ही चंद्रमा की सतह पर नहीं उतरा, लेकिन आने वाले समय में चंद्रमा पर मानव बस्तियां बसाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश के दौरान ओरियन स्पेसक्राफ्ट की रफ्तार 40,000 से 42,000 किमी प्रति घंटा रही, जो इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से लौटने वाले यानों से कहीं ज्यादा है। इतनी तेज रफ्तार, भारी दबाव और अत्यधिक गर्मी को सहने के लिए इस यान को विशेष रूप से मजबूत और उन्नत तकनीक से तैयार किया गया था।
विज्ञापन