नरेंद्र मोदी : नरेंद्र मोदी को इज़राइल का सर्वोच्च सम्मान, ‘नेसेट मेडल’ पाने वाले पहले वैश्विक नेता
Munesh Kumar Shukla Thu, Feb 26, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इज़राइल के सर्वोच्च सम्मानों में से एक ‘नेसेट मेडल’ से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान को प्राप्त करने वाले वह दुनिया के पहले नेता बन गए हैं।सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भारत और इज़राइल की चिरस्थायी मित्रता का सम्मान है। उन्होंने कहा, “मैं नेसेट पदक प्राप्त करके बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं इसे विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता हूं। यह किसी एक व्यक्ति का सम्मान नहीं है, बल्कि भारत और इज़राइल की स्थायी मित्रता का प्रतीक है। यह उन साझा मूल्यों को दर्शाता है, जो हमारे दोनों राष्ट्रों का मार्गदर्शन करते हैं।”प्रधानमंत्री मोदी उन विरले वैश्विक नेताओं में शामिल हैं, जिन्हें इज़राइल और फलस्तीन दोनों से सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुए हैं। वर्ष 2018 में उन्हें ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फलस्तीन’ से सम्मानित किया गया था, जो विदेशी नेताओं के लिए फलस्तीन का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को विभिन्न देशों द्वारा प्रदान किए गए 28 से अधिक अंतरराष्ट्रीय नागरिक सम्मानों की सूची में नवीनतम है। हाल के वर्षों में उन्हें ओमान का ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’, इथियोपिया का ‘ग्रेट ऑनर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ इथियोपिया’ और कुवैत का ‘ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’ भी प्रदान किया गया है।यह प्रधानमंत्री मोदी की नौ वर्षों में इज़राइल की दूसरी यात्रा है। जुलाई 2017 में उनकी पहली यात्रा के दौरान भारत-इज़राइल संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किया गया था, जिससे दोनों देशों के बीच रक्षा, कृषि, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई गति मिली।
विज्ञापन