पाकिस्तान : पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल के दामों में 20% तक बढ़ोतरी, पेट्रोल 335 रुपये प्रति लीटर के पार
Munesh Kumar Shukla Sat, Mar 7, 2026
पाकिस्तान की सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 20 प्रतिशत तक की बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। इस फैसले के बाद पेट्रोल और डीजल के दामों में लगभग 55 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक इजाफा हुआ है, जिससे आम लोगों पर महंगाई का बोझ और बढ़ गया है।नई कीमतों के मुताबिक अब पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 335.86 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, जबकि डीजल 321.17 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है। सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण यह फैसला लेना पड़ा है।
सरकार ने इसके पीछे मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को भी जिम्मेदार बताया है। अधिकारियों के मुताबिक अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव और क्षेत्रीय अस्थिरता के कारण वैश्विक तेल बाजार प्रभावित हुआ है, जिससे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं।कीमतों में बढ़ोतरी की खबर सामने आते ही देश के बड़े शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। लाहौर और कराची समेत कई शहरों में लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। कई जगहों पर लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
लोगों को आशंका है कि आने वाले दिनों में तेल की कमी भी हो सकती है, इसलिए वे पहले से ही ईंधन भरवाने की कोशिश कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतों में इस तरह की बढ़ोतरी से पाकिस्तान में महंगाई और आर्थिक दबाव और बढ़ सकता है।
विज्ञापन