ईरान ने गिराया अमेरिकी फाइटर जेट : 24 घंटे तक पहाड़ों में फंसे रहे पायलट—आखिरकार हुआ हाई-रिस्क रेस्क्यू!
Munesh Kumar Shukla Sun, Apr 5, 2026
अमेरिका ने ईरान के दुर्गम पहाड़ी इलाके से अपने दूसरे लापता पायलट को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। करीब 24 घंटे तक चले सघन सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद इस पायलट का पता लगाया गया। यह पायलट उस समय लापता हो गया था, जब अमेरिकी लड़ाकू विमान F-15E ईगल क्रैश हो गया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इसकी जानकारी देते हुए सेना की सराहना की। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू मिशन में अत्याधुनिक और शक्तिशाली हथियारों से लैस कई विमानों को तैनात किया गया था। पायलट को सुरक्षित निकाल लिया गया है, हालांकि उसे कुछ चोटें आई हैं और वह जल्द ही ठीक हो जाएगा।
इससे पहले शनिवार को इसी विमान के पहले पायलट को भी बचा लिया गया था। ट्रंप के मुताबिक, दूसरा पायलट शुक्रवार से लापता था और अमेरिकी सेना लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पायलट की लोकेशन ईरान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद के कठिन पहाड़ी क्षेत्र में मिली थी, जहां सेना ने लगातार निगरानी रखते हुए सटीक समय पर रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।
दो सीटों वाले इस F-15E विमान के दोनों क्रू मेंबर अब सुरक्षित हैं, लेकिन यह घटना अमेरिका के लिए बड़ा झटका भी मानी जा रही है। ट्रंप पहले दावा कर चुके थे कि अमेरिका ने ईरान को पूरी तरह कमजोर कर दिया है और युद्ध जल्द खत्म होगा, लेकिन इसके बावजूद ईरान द्वारा अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराना एक अहम घटनाक्रम है।
न्यूज एजेंसी एपी के अनुसार, रिटायर्ड ब्रिगेडियर जनरल ह्यूस्टन कैंटवेल ने कहा कि साल 2003 के इराक युद्ध के बाद यह पहली बार है जब किसी संघर्ष में अमेरिकी लड़ाकू विमान को गिराया गया है।
विज्ञापन