PM मोदी : मिडिल ईस्ट तनाव पर PM मोदी सक्रिय
Munesh Kumar Shukla Thu, Mar 19, 2026
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय नेताओं से बातचीत कर हालात पर चिंता जताई। उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से फोन पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि मैक्रों के साथ बातचीत में दोनों नेताओं ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव को गंभीर बताया और इसे कम करने के लिए संवाद और कूटनीति को जरूरी बताया। साथ ही शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति बनी।
ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की। उन्होंने ओमान की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा करते हुए वहां से भारतीयों समेत अन्य लोगों की सुरक्षित निकासी में ओमान की भूमिका की सराहना की।
इस दौरान दोनों देशों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
वहीं, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से बातचीत में भी प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता व्यक्त की और तनाव कम करने के लिए बातचीत और शांति प्रयासों को अहम बताया।
विज्ञापन