प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूनिवर्सल सीरिएक ऑर्थोडॉक्स चर्च के सर्वोच्च प्रमुख से की मुलाकात
Munesh Kumar Shukla Fri, Feb 27, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में ‘एंटिओक और ऑल द ईस्ट’ के पैट्रिआर्क तथा यूनिवर्सल सीरिएक ऑर्थोडॉक्स चर्च के सर्वोच्च प्रमुख ‘हिज होलीनेस मोरन मोर इग्नेशियस एफ्रेम द्वितीय’ से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर भी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, वार्ता सकारात्मक और रचनात्मक रही। यह मुलाकात धार्मिक और सामाजिक संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विशेष अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि ‘हिज होलीनेस मोरन मोर इग्नेशियस एफ्रेम द्वितीय’ से मिलकर वे स्वयं को सम्मानित महसूस कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि उनके बीच कई अहम मुद्दों पर सार्थक और सकारात्मक चर्चा हुई।वहीं, प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद ‘हिज होलीनेस’ ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने इस भेंट को अत्यंत सार्थक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि भारत जैसे महान राष्ट्र की मूल भावना समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से अल्पसंख्यकों के लिए न्याय सुनिश्चित करने की रही है।इस मुलाकात को भारत की विविध धार्मिक परंपराओं और अंतरराष्ट्रीय धार्मिक नेतृत्व के साथ संवाद को सुदृढ़ करने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विज्ञापन