मिडिल ईस्ट तनाव : कतर गैस सप्लाई ठप, ऊर्जा संकट के आसार
Munesh Kumar Shukla Thu, Mar 19, 2026
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत तक पहुंचने लगा है। ईरान द्वारा कतर के रास लफान स्थित दुनिया के सबसे बड़े गैस प्लांट पर किए गए मिसाइल हमले के बाद भारत के लिए गैस सप्लाई रुक गई है। इस घटनाक्रम ने देश की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
ताजा जानकारी के अनुसार, भारत की प्राकृतिक गैस (LNG) जरूरतों का बड़ा हिस्सा कतर से आता है। इस हमले के कारण भारत के कुल गैस आयात का करीब 20 फीसदी प्रभावित हुआ है। रोजाना मिलने वाली लगभग 47.4 MMSCMD गैस की आपूर्ति अचानक बंद हो गई है। रास लफान कतर का प्रमुख निर्यात केंद्र है, जिसके ठप पड़ने से भारत आने वाली गैस खेप फिलहाल रुक गई है।
गैस संकट को देखते हुए सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि इसका सीधा असर बिजली उत्पादन और उर्वरक उद्योग पर पड़ सकता है। हालात को संभालने के लिए सरकार औद्योगिक इकाइयों को दी जाने वाली गैस सप्लाई में कटौती कर सकती है, ताकि घरेलू उपयोग (PNG) और वाहनों (CNG) के लिए पर्याप्त गैस उपलब्ध कराई जा सके।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कतर से गैस सप्लाई जल्द बहाल नहीं हुई, तो देश के कई हिस्सों में बिजली संकट और औद्योगिक उत्पादन पर असर देखने को मिल सकता है।
विज्ञापन