सऊदी अरब : रियाद में मिसाइल हमले में सीतापुर के युवक की मौत, परिवार सदमे में
Munesh Kumar Shukla Sat, Mar 21, 2026
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में हुए मिसाइल हमले में उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन अब उनके शव के भारत लाए जाने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।
मृतक की पहचान सीतापुर की महमूदाबाद तहसील के बघाइन गांव निवासी रवि के रूप में हुई है। रवि रियाद में एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करते थे। फैक्ट्री मालिक से मिली सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि घटना 18 मार्च की रात की है। उस समय रवि अपनी पत्नी रितू से मोबाइल पर बात कर रहे थे। बातचीत के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ और फोन कट गया। इसके बाद परिवार ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन नहीं लगा। बाद में उनकी मौत की खबर मिली।
रवि करीब ढाई साल पहले रोज़गार के लिए सऊदी अरब गए थे और वहीं काम कर रहे थे। उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
परिजनों ने सरकार से मदद की अपील करते हुए रवि का शव जल्द से जल्द भारत लाने की मांग की है, ताकि वे अपने बेटे का अंतिम संस्कार कर सकें।
विज्ञापन