ईरान : ईरान पर अमेरिकी कार्रवाई की अटकलें तेज, खार्ग द्वीप पर कब्जे की भी चर्चा
Munesh Kumar Shukla Mon, Mar 30, 2026
पश्चिमी एशिया में जारी संघर्ष को 31 दिन बीत चुके हैं, लेकिन हालात अब भी अनिश्चित बने हुए हैं। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों और क्षेत्र में बढ़ती अमेरिकी सैन्य मौजूदगी के कारण ईरान पर संभावित जमीनी हमले की अटकलें तेज हो गई हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका को आशंका है कि ईरान अपने पास मौजूद करीब 400 किलोग्राम संवर्धित यूरेनियम का इस्तेमाल परमाणु हथियार बनाने के लिए कर सकता है। इस खतरे को देखते हुए ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर इस यूरेनियम को कब्जे में लेने के लिए सैन्य कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
बताया जा रहा है कि प्रस्तावित योजना के तहत अमेरिकी सेना ईरान की परमाणु सुविधाओं में सुरक्षित रखे गए यूरेनियम को निकालने का प्रयास कर सकती है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसा ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि इसके लिए अमेरिकी सेना को कई दिनों तक ईरान में सक्रिय रहना पड़ सकता है।
अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि ट्रंप इस संभावित अभियान से जुड़े खतरों पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। हालांकि, यदि हालात मांग करते हैं तो वे इस सैन्य कार्रवाई को मंजूरी देने के लिए तैयार हैं।
विज्ञापन