नेपाल में सियासी झटका : सुदन गुरुंग ने एक महीने में दिया इस्तीफा, नैतिकता का दिया हवाला
Munesh Kumar Shukla Wed, Apr 22, 2026
नेपाल की नई सरकार में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है, जहां गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने पद संभालने के एक महीने के भीतर ही इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने फैसले के पीछे नैतिक जिम्मेदारी और संपत्तियों से जुड़े मामलों पर उठे सवालों की निष्पक्ष जांच की जरूरत को कारण बताया।
फेसबुक पोस्ट के जरिए इस्तीफे की घोषणा करते हुए गुरुंग ने कहा कि उन्होंने सार्वजनिक आलोचना को गंभीरता से लिया है और सार्वजनिक जीवन में उच्च नैतिक मानकों को बनाए रखने के लिए पद छोड़ना उचित समझा। उन्होंने बताया कि 26 मार्च 2026 से गृहमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद उनके शेयर और संपत्ति को लेकर कई सवाल उठे, जिन्हें नजरअंदाज करना सही नहीं होता।
गुरुंग ने कहा कि उनके लिए किसी भी पद से ज्यादा महत्वपूर्ण जनता का भरोसा और पारदर्शिता है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की युवा पीढ़ी सुशासन और जवाबदेही की मांग कर रही है, ऐसे में नेताओं को साफ-सुथरी छवि बनाए रखना जरूरी है।
इससे पहले, प्रधानमंत्री बालेन शाह ने 9 अप्रैल को श्रम मंत्री दीपक कुमार साह को अनुशासनहीनता के आरोप में पद से हटा दिया था, जिससे सरकार के भीतर सख्ती का संकेत पहले ही मिल चुका था।
विज्ञापन