ईरान-इजराइल युद्ध : ईरान-इजराइल युद्ध का तीसरा दिन: रास तनूरा रिफाइनरी पर हमला, हिजबुल्लाह भी जंग में शामिल
Munesh Kumar Shukla Mon, Mar 2, 2026
इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध आज तीसरे दिन में प्रवेश कर गया है। इस बीच ईरान ने सऊदी अरब के रास तनूरा स्थित प्रमुख तेल रिफाइनरी पर हमला किया है। यह रिफाइनरी सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको की है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, हमले के बाद रिफाइनरी को एहतियातन बंद कर दिया गया है।रास तनूरा रिफाइनरी की उत्पादन क्षमता लगभग 5.5 से 6 लाख बैरल प्रतिदिन बताई जाती है। वहीं, रास तनूरा ऑयल एक्सपोर्ट टर्मिनल दुनिया के सबसे बड़े अपतटीय (ऑफशोर) तेल लोडिंग टर्मिनलों में गिना जाता है। यहां से बड़े तेल टैंकरों के जरिए कच्चा तेल अमेरिका, एशिया और यूरोप सहित कई देशों को निर्यात किया जाता है।
उधर, ईरान के शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी ने सोमवार को स्पष्ट किया कि ईरान अमेरिका के साथ किसी भी तरह की बातचीत नहीं करेगा। उनका यह बयान उन खबरों के बाद आया है, जिनमें दावा किया गया था कि ईरान ने अमेरिका के साथ फिर से वार्ता शुरू करने की कोशिश की है।इसके अलावा, ईरान ने इजराइल के साथ-साथ कतर, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात में भी हमले दोबारा शुरू कर दिए हैं। इस संघर्ष में अब लेबनान का उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह भी शामिल हो गया है। संगठन ने इजराइल के कई स्थानों पर बमबारी की है। ईरान समर्थित हिजबुल्लाह का कहना है कि वह ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत का बदला ले रहा है।
विज्ञापन