अमेरिका-ईरान सीजफायर वार्ता टली : ट्रंप ने दूतों का पाकिस्तान दौरा रद्द किया
Munesh Kumar Shukla Sun, Apr 26, 2026
अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित सीजफायर वार्ता एक बार फिर टल गई है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव कम होने की उम्मीदों को झटका लगा है। इस बार बातचीत इसलिए नहीं हो सकी क्योंकि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जारेड कुशनर का पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया गया।
यह दूसरी बार है जब दोनों देशों के बीच प्रस्तावित बैठक टली है। इससे पहले ईरान ने साफ कहा था कि जब तक अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से अपनी नाकेबंदी नहीं हटाता, तब तक वह बातचीत के लिए तैयार नहीं होगा।
इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अपने दूतों को पाकिस्तान न जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि लंबी यात्रा कर बेकार की बातचीत करने का कोई मतलब नहीं है और यदि ईरान बातचीत चाहता है तो वह सीधे संपर्क कर सकता है।
हालांकि, ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि इस फैसले का अर्थ यह नहीं है कि अमेरिका ईरान के साथ किसी नए सैन्य टकराव की तैयारी कर रहा है।
दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी अमेरिकी अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही पाकिस्तान से रवाना हो गए। उन्होंने पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर ईरान की शर्तें और अमेरिकी मांगों पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
विज्ञापन