मुंबई में गैस सिलेंडर चोरी : डिलीवरी टेम्पो से 27 सिलेंडर गायब, पुलिस जांच में जुटी
Munesh Kumar Shukla Sat, Mar 28, 2026
देशभर में रसोई गैस की किल्लत की खबरों के बीच मुंबई के कांदिवली स्थित चारकोप इलाके में गैस सिलेंडर चोरी का मामला सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने गैस डिलीवरी के लिए खड़े टेम्पो को निशाना बनाते हुए उसमें रखे 27 सिलेंडर चोरी कर लिए। इनमें 5 भरे हुए और 22 खाली सिलेंडर शामिल थे। यह घटना 25 और 26 मार्च की दरमियानी रात की बताई जा रही है, जब डिलीवरी कर्मचारी नंदकुमार सोनी रोज की तरह टेम्पो खड़ा कर घर चले गए थे, लेकिन अगली सुबह लौटने पर उन्होंने टेम्पो का लॉक टूटा पाया और सभी सिलेंडर गायब मिले। चोरी हुए सिलेंडरों की कीमत करीब 15,500 रुपये आंकी गई है।
मामले की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग वाहनों के साथ नजर आए हैं, जिनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा कबाड़ी बाजार और अवैध गैस कारोबार से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन