42 साल बाद गिरफ्तारी : फिरोजाबाद में फरार वारंटी पुलिस के हत्थे चढ़ा
Munesh Kumar Shukla Sat, Apr 25, 2026
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पुलिस ने 42 साल से फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी रतन उर्फ रतना (70) लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर गुमनाम जीवन जी रहा था।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 1983 में गैर इरादतन हत्या के मामले में रतन और उसके साथी को जिला अदालत ने 6-6 साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद 1984 में दोनों ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अपील दाखिल की, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। जमानत पर रिहा होने के बाद रतन फरार हो गया और कभी अदालत में पेश नहीं हुआ।
फरारी के दौरान उसने अपना ठिकाना बदल लिया और भीमनगर छोड़कर रामगढ़ के नारायण नगर में रहने लगा। यहां उसने अपनी पहचान पूरी तरह छुपा ली और मजदूरी कर सामान्य जीवन जीता रहा। हैरानी की बात यह है कि उसके परिवार को भी उसके अतीत की जानकारी नहीं थी।
पुलिस के लिए आरोपी को पकड़ना बड़ी चुनौती था, क्योंकि उसके पास न तो कोई फोटो थी और न ही पहचान से जुड़े दस्तावेज। सिर्फ पुराने रिकॉर्ड में दर्ज नाम के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। करीब एक महीने तक सादे कपड़ों में इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया और घर-घर जाकर जानकारी जुटाई गई।
आखिरकार कई सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके साथी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
विज्ञापन