अन्ना हजारे : केजरीवाल के बरी होने पर अन्ना हजारे का रिएक्शन आया सामने, बोले- 'कोर्ट का फैसला स्वीकार करना चाहिए'
Munesh Kumar Shukla Sat, Feb 28, 2026
राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को बड़ी राहत देते हुए कथित शराब घोटाला मामले में आरोपमुक्त कर दिया। कोर्ट ने इस मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत कुल 23 लोगों को भी बरी कर दिया।फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल भावुक नजर आए और उन्होंने अदालत का आभार जताया। बाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोला और कहा कि सच की जीत हुई है।इस फैसले पर समाजसेवी अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। अन्ना हजारे ने कहा कि न्यायपालिका के निर्णय को स्वीकार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारा देश अपनी न्यायिक और सुरक्षा प्रणालियों की ताकत पर चलता है। विविधताओं से भरे इतने बड़े राष्ट्र में न्यायपालिका ही व्यवस्था को सुचारू बनाए रखती है। यदि यह व्यवस्था न हो तो अराजकता फैल जाएगी। अब न्यायपालिका ने निर्णय दे दिया है कि अरविंद केजरीवाल दोषी नहीं हैं, इसलिए इस आदेश को स्वीकार किया जाना चाहिए।”
भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर अन्ना हजारे ने कहा कि यह उनका (केजरीवाल का) राजनीतिक मामला है और इससे उनका कोई लेना-देना नहीं है।केजरीवाल के लिए संदेश देते हुए अन्ना हजारे ने कहा, “समाज और देश के भले के लिए जो कुछ कर सकते हो, करते रहो। खुद, सरकार या पार्टी के बारे में मत सोचो, समाज की भलाई पर ध्यान दो। देश की आजादी के लिए लाखों लोगों ने कुर्बानी दी है, उसे याद रखना।”उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी और विरोधियों के बीच चल रहे राजनीतिक विवादों पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।अदालत के इस फैसले के बाद दिल्ली की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है और आने वाले समय में इसके राजनीतिक असर पर नजरें टिकी रहेंगी।
विज्ञापन