असम में UCC और अवैध घुसपैठ पर सख्ती : हिमंता बिस्वा सरमा के बड़े चुनावी ऐलान
Munesh Kumar Shukla Tue, Mar 31, 2026
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को बड़ा बयान देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य को एक मजबूत और आत्मनिर्भर इकाई के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि असम को ऐसा राज्य बनाया जाएगा जो देश के विकास में अहम योगदान दे, न कि किसी पर निर्भर रहे।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरमा ने कहा कि सत्ता में वापसी के बाद उनकी सरकार तीन महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कानून से असम के आदिवासी और अन्य जातीय समुदायों के अधिकारों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार ‘लव जिहाद’ और ‘भूमि जिहाद’ के खिलाफ सख्त कानून लाने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही, अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए सरकार और कड़े कदम उठाएगी।
उन्होंने बताया कि ‘अवैध अप्रवासी निष्कासन अधिनियम 1950’ को लागू किया जाएगा, जिसके तहत जिला प्रशासन को 24 घंटे के भीतर अवैध अप्रवासियों को निष्कासित करने का अधिकार मिलेगा। इसके लिए जिला कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट को विशेष शक्तियां दी जाएंगी।
सरमा ने कहा कि राज्य सरकार अवैध कब्जों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करेगी और असम की जमीन का एक-एक इंच सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ कानूनी लड़ाई जारी रहेगी और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन