Advertisment

26 जनवरी 2026 से e paper tv भारतवर्ष पढ़े हर रोज

6th September 2026

BREAKING NEWS

TV Bharatvarsh E Paper 01-09-2026

TV Bharatvarsh E Paper 27-08-2026

TV Bharatvarsh E Paper 26-08-2026

TV Bharatvarsh E Paper 25-08-2026

TV Bharatvarsh E Paper 23-08-2026

डिजिटल इंडिया की नई गिनती : जनगणना 2027 की शुरुआत, अब मोबाइल से होगी देश की गणना!

Munesh Kumar Shukla Wed, Apr 1, 2026

भारत में साल 2027 की जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो देश की 16वीं और आज़ादी के बाद की 8वीं जनगणना है। इस बार यह पूरी तरह डिजिटल होने जा रही है, जिसमें डेटा संग्रह के लिए मोबाइल ऐप और नागरिकों के लिए स्व-गणना पोर्टल की सुविधा दी गई है।

इस जनगणना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहला चरण 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक चलेगा, जिसमें घरों की सूची (हाउस लिस्टिंग) तैयार की जाएगी। इसके बाद दूसरा चरण अगले साल 1 मार्च से शुरू होगा, जिसमें जनसंख्या की विस्तृत गणना की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार जातिगत आंकड़े भी जुटाए जाएंगे।

जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण के अनुसार, पहले चरण में मकानों की संरचना, उपयोग, स्वामित्व, कमरों की संख्या और उसमें रहने वाले लोगों से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी। इस दौरान 33 सवालों के जरिए परिवारों की जीवन स्थिति और बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच का भी आंकलन होगा।

इस बार जनगणना कर्मी स्मार्टफोन के जरिए मोबाइल ऐप से डेटा इकट्ठा करेंगे, जिससे कागजी प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। वहीं, आम नागरिक भी हिंदी और अंग्रेजी सहित 16 भाषाओं में उपलब्ध ऑनलाइन पोर्टल के जरिए खुद अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर से लॉग इन कर एक यूनिक आईडी बनाई जाएगी, जिसे गणनाकर्ता के साथ साझा करना होगा।

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह प्रक्रिया अलग-अलग समय पर लागू होगी। कुछ राज्यों जैसे अंडमान-निकोबार, दिल्ली, गोवा, कर्नाटक, मिजोरम, ओडिशा और सिक्किम में 16 अप्रैल से 15 मई तक हाउस लिस्टिंग होगी, जबकि अन्य राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में यह काम 1 मई से 30 मई के बीच किया जाएगा।

डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल के साथ यह जनगणना न सिर्फ तेज़ और पारदर्शी होगी, बल्कि देश की योजनाओं और नीतियों के लिए एक मजबूत आधार भी तैयार करेगी।