“भारतीय होने का सबूत दो!” : पटना में नॉर्थ-ईस्ट डांस टीम से भेदभाव, वीडियो वायरल
Munesh Kumar Shukla Sun, Apr 5, 2026
अरुणाचल प्रदेश से आई एक डांस टीम के साथ पटना में कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना 2 अप्रैल की है।
वीडियो में एक अस्पताल की अटेंडेंट, जो बेज रंग की यूनिफॉर्म में दिख रही है, टीम के सदस्यों को पब्लिक वॉशरूम इस्तेमाल करने से रोकती नजर आती है। वह उनसे पहचान पत्र (ID) दिखाने की मांग करती है। विरोध करने पर अटेंडेंट द्वारा अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप है।
इस दौरान टीम की एक महिला ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में उसकी आवाज़ में निराशा और डर साफ झलकता है। वह कहती सुनाई देती है कि नॉर्थ-ईस्ट से आने वाले लोग ऐसी घटनाओं के कारण असहज और असुरक्षित महसूस करते हैं।
वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश की पुलिस द्वारा बिहार पुलिस से संपर्क किए जाने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर लोग पेमा खांडू और बिहार के वरिष्ठ अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हालांकि, अब तक इस मामले में न तो कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है और न ही एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि हुई है। कुछ लोगों ने अटेंडेंट के व्यवहार को अस्पताल की आईडी वेरिफिकेशन नीति से जोड़कर देखा, लेकिन अधिकांश लोगों ने इस तर्क को खारिज कर दिया है।
फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर बहस का मुद्दा बना हुआ है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन