गैस संकट : गैस संकट का असर मंदिरों तक, बर्गभीमा शक्तिपीठ में भक्तों के लिए भोग वितरण बंद
Munesh Kumar Shukla Thu, Mar 12, 2026
अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ईंधन आपूर्ति में आई बाधा का असर अब धार्मिक स्थलों पर भी दिखने लगा है। ईरान-अमेरिका युद्ध से उत्पन्न गैस आपूर्ति संकट के कारण पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले स्थित प्रसिद्ध तमलुक बर्गभीमा मंदिर में आम भक्तों के लिए भोग वितरण अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया गया है।
बर्गभीमा मंदिर हिंदू धर्म के 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है और यहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में प्रतिदिन माता को भोग अर्पित किया जाता है और दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की जाती है।
हालांकि मंदिर प्रबंधन ने बताया है कि रसोई गैस की कमी के कारण 21 मार्च के बाद से आम श्रद्धालुओं के लिए भोग वितरण बंद करना पड़ेगा। मंदिर प्रशासन का कहना है कि गैस आपूर्ति बाधित होने के कारण भोजन तैयार करना मुश्किल हो गया है।
मंदिर प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि माता को नियमित रूप से भोग अर्पित किया जाएगा, लेकिन फिलहाल भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था सीमित करनी पड़ रही है।
इस फैसले से कई श्रद्धालु निराश हैं, क्योंकि दूर-दूर से आने वाले भक्तों के लिए मंदिर का प्रसाद विशेष महत्व रखता है।
प्रबंधन का कहना है कि जैसे ही गैस आपूर्ति सामान्य होगी, भक्तों के लिए भोग वितरण की व्यवस्था फिर से शुरू कर दी जाएगी।
विज्ञापन