हज यात्रियों को बड़ी राहत : किराया बढ़ोतरी 400 डॉलर से घटकर 100 डॉलर
Munesh Kumar Shukla Sun, May 3, 2026
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने हज यात्रा के बढ़ते किराए को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण एयरलाइंस कंपनियों ने किराया बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने बताया कि एयरलाइंस ने करीब 400 डॉलर तक किराया बढ़ाने की मांग रखी थी, जिससे आम और आर्थिक रूप से कमजोर मुस्लिम यात्रियों पर भारी बोझ पड़ सकता था।
इस चुनौती को देखते हुए सरकार ने तुरंत हस्तक्षेप किया और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने एयरलाइंस कंपनियों के साथ कई दौर की बातचीत की। सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि हज यात्रा आम लोगों की पहुंच से बाहर न हो।
सरकारी प्रयासों के बाद बड़ी राहत मिली और प्रस्तावित 400 डॉलर की बढ़ोतरी को घटाकर सिर्फ 100 डॉलर कर दिया गया। अब हज समिति के माध्यम से जाने वाले यात्रियों के लिए किराया केवल 100 डॉलर बढ़ेगा, जबकि प्राइवेट टूर ऑपरेटर के जरिए जाने वालों के लिए यह बढ़ोतरी 150 डॉलर तक सीमित रहेगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर वर्ग के लोग, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर, आसानी से हज यात्रा कर सकें। इस फैसले से हज यात्रियों को काफी राहत मिली है और अब वे कम अतिरिक्त खर्च में अपनी यात्रा पूरी कर पाएंगे।
विज्ञापन