7 जन्म में भी कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे : हिमंत सरमा का कांग्रेस पर पलटवार
Munesh Kumar Shukla Sat, Apr 4, 2026
असम की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनका कुछ बिगाड़ने के लिए कांग्रेस नेताओं को “नया जन्म लेना पड़ेगा।”
दरअसल, यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस आरोप के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सत्ता में आने पर हिमंत सरमा को जेल भेजा जाएगा। इस पर पलटवार करते हुए सरमा ने गांधी परिवार—इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी—का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें गिरफ्तार करने के लिए इन नेताओं को दोबारा जन्म लेना पड़ेगा।
इतना ही नहीं, सरमा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर भी तंज कसते हुए उन्हें “छोटा पप्पू” करार दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें गिरफ्तार करने की बात कर रहे हैं, वे इस जन्म में ऐसा नहीं कर पाएंगे।
गौरतलब है कि असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राज्य में राजनीतिक माहौल काफी गर्म है। हाल ही में असम दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने गुवाहाटी समेत कई जगहों पर रैलियों में हिमंत सरमा पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने सरमा को देश का “सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री” बताते हुए आरोप लगाया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर “लैंड एटीएम” चला रहे हैं, जिसके तहत लोगों की जमीन कॉर्पोरेट्स को दी जा रही है।
राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो हिमंत सरमा को जेल जाना तय है और उन्हें कोई नहीं बचा पाएगा। इन बयानों के बाद दोनों पक्षों के बीच सियासी टकराव और तेज हो गया है।
विज्ञापन