विनेश फोगाट का बड़ा खुलासा : ‘शिकायत करने वाली 6 महिला पहलवानों में मैं भी शामिल’
Munesh Kumar Shukla Sun, May 3, 2026
ओलंपियन पहलवान और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने एक वीडियो जारी कर खेल और राजनीतिक जगत में हलचल मचा दी है। उन्होंने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाली 6 महिला पहलवानों में वह खुद भी शामिल हैं।
विनेश ने भावुक संदेश में बताया कि करीब तीन साल पहले महिला खिलाड़ियों के साथ हुए शोषण के खिलाफ उठी आवाज का वह हिस्सा रही हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार पीड़ित की पहचान उजागर नहीं की जाती, लेकिन कुछ परिस्थितियों के चलते उन्होंने खुद सामने आने का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायत और गवाही देने वाली छह खिलाड़ियों में से एक वह स्वयं हैं। फिलहाल यह मामला अदालत में लंबित है और गवाही की प्रक्रिया जारी है।
इसके अलावा विनेश फोगाट ने उत्तर प्रदेश में आयोजित की जा रही एक रैंकिंग प्रतियोगिता पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि यह आयोजन बृज भूषण शरण सिंह से जुड़े निजी शिक्षण संस्थान में कराया जा रहा है, जिससे निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे माहौल में निर्णायकों और अंकों को प्रभावित कर खिलाड़ियों के नतीजों को बदला जा सकता है।
विनेश ने यह भी बताया कि वह करीब डेढ़ साल तक कुश्ती से दूर रहीं, लेकिन अब उन्होंने दोबारा अभ्यास शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि उनका लक्ष्य फिर से देश के लिए पदक जीतना और तिरंगे का मान बढ़ाना है।
विज्ञापन