अखिलेश यादव : हालात ऐसे रहे तो लकड़ी और कंडे पर पकाना पड़ेगा खाना |
Munesh Kumar Shukla Tue, Mar 10, 2026
ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद पैदा हुए वैश्विक तनाव का असर अब तेल और गैस की आपूर्ति पर भी दिखने लगा है। इस बीच उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित होने की खबरों के बीच राजनीति भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में लगातार गैस की स्थिति खराब होती जा रही है। कई जिलों में व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति पर रोक लगने की खबरें सामने आ रही हैं, जबकि घरेलू गैस कनेक्शन लेने वाले लोगों के लिए भी नियम सख्त किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर यही हालात रहे तो लोगों को एक बार फिर लकड़ी और कंडे पर खाना पकाने की नौबत आ सकती है।सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार अक्सर यह दावा करती रही है कि उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक गैस सिलेंडर कनेक्शन दिए गए हैं। ऐसे में अब सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि लोगों को सिलेंडर की नियमित आपूर्ति कैसे सुनिश्चित की जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर गैस और ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ती रहीं तो यह आम लोगों की पहुंच से बाहर हो जाएगा। उन्होंने ईरान युद्ध और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि यदि यह स्थिति दो सप्ताह तक जारी रहती है तो लोगों को वैकल्पिक ईंधन का इंतजाम करना पड़ सकता है।
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरकार से पूछा कि मौजूदा हालात से निपटने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
विज्ञापन