खल्लारी माता मंदिर : खल्लारी माता मंदिर में बड़ा हादसा: रोपवे टूटने से 1 की मौत, कई श्रद्धालु घायल
Munesh Kumar Shukla Sun, Mar 22, 2026
खल्लारी माता मंदिर की पहाड़ी पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा रोपवे अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह घटना खल्लारी थाना क्षेत्र में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर से लौटते समय रोपवे करीब 200 से 300 फीट की ऊंचाई पर था, तभी अचानक तार टूट गया और केबिन नीचे गिर गया। उस समय आने-जाने वाले दोनों रोपवे में कुल करीब 13 लोग सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर तुरंत पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए बागबाहरा स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की संभावना है।
इस घटना ने रोपवे की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि खल्लारी माता मंदिर एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जो करीब 4 हजार फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यहां रोपवे की व्यवस्था की गई है, जिसका उपयोग बड़ी संख्या में लोग करते हैं।
विज्ञापन