पेट्रोल-डीजल पर बड़ी राहत: : सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपए की कटौती की खबर:
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 27, 2026
देश में बढ़ती महंगाई के बीच सरकार ने आम जनता को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपए प्रति लीटर की कटौती कर दी गई है। इस फैसले के बाद पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी ₹13 से घटाकर ₹3 प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि डीजल पर ₹10 प्रति लीटर की ड्यूटी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
सरकार का यह कदम ऐसे समय में आया है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखा जा रहा है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालातों के कारण कच्चे तेल के दाम 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच गए हैं। इस तेजी का सीधा असर भारतीय तेल कंपनियों पर पड़ रहा था।
बताया जा रहा है कि कच्चे तेल की कीमतों में इस उछाल के चलते तेल कंपनियों को प्रति लीटर करीब 30 रुपए तक का नुकसान हो रहा था। ऐसे में कंपनियां पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने पर विचार कर सकती थीं, जिससे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ता।
हालांकि, सरकार ने समय रहते हस्तक्षेप करते हुए एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर दी, जिससे पेट्रोल-डीजल के दामों को स्थिर बनाए रखने में मदद मिलेगी। इस फैसले से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है और महंगाई पर भी कुछ हद तक नियंत्रण संभव हो सकेगा।
विज्ञापन