100% इथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य : ऊर्जा आत्मनिर्भरता पर नितिन गडकरी का बड़ा बयान
Munesh Kumar Shukla Tue, Apr 21, 2026
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है। नई दिल्ली में आयोजित ‘ग्रीन ट्रांसपोर्ट कॉन्क्लेव’ में उन्होंने कहा कि देश को भविष्य में 100 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण हासिल करने की दिशा में काम करना चाहिए।
गडकरी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण तेल आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे भारत जैसे आयात पर निर्भर देश के लिए ऊर्जा सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भारत अपनी तेल जरूरतों का लगभग 87 प्रतिशत आयात करता है, जिस पर करीब 22 लाख करोड़ रुपये खर्च होते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यह आयात न सिर्फ आर्थिक बोझ बढ़ाता है, बल्कि पर्यावरण प्रदूषण का भी बड़ा कारण है। गडकरी ने ब्राजील का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां 100 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण का सफल उपयोग हो रहा है और भारत को भी इसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने वैकल्पिक ईंधन और जैव-ईंधन के उत्पादन को बढ़ाने पर जोर देते हुए सर्कुलर इकोनॉमी अपनाने की बात कही। उनके मुताबिक, इससे जीवाश्म ईंधन के आयात में कमी आएगी, प्रदूषण घटेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार लोगों को पेट्रोल-डीजल वाहनों की खरीद से रोक नहीं सकती, लेकिन वैकल्पिक ईंधनों को इतना प्रभावी बनाया जाएगा कि लोग स्वेच्छा से उन्हें अपनाएं। उन्होंने ऑटोमोबाइल कंपनियों से भी अपील की कि वे लागत के साथ-साथ गुणवत्ता पर ध्यान दें, ताकि नए बाजारों में बेहतर प्रतिस्पर्धा कर सकें।
विज्ञापन