लद्दाख में 5 नए जिलों को मंजूरी : अब कुल संख्या बढ़कर 7 हुई
Munesh Kumar Shukla Mon, Apr 27, 2026
लद्दाख से इस समय बड़ी खबर सामने आई है, जहां उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना को मंजूरी दे दी है। इस फैसले की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी। नए जिलों के गठन के बाद अब लद्दाख में कुल जिलों की संख्या दो से बढ़कर सात हो जाएगी।
उपराज्यपाल ने अपने संदेश में इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि यह निर्णय लंबे समय से लंबित मांग और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है। जिन नए जिलों का गठन किया गया है, उनमें नुब्रा, शाम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि यह फैसला नरेंद्र मोदी के विकसित और समृद्ध लद्दाख के विजन के अनुरूप है। साथ ही, गृह मंत्रालय द्वारा अगस्त 2024 में अमित शाह के नेतृत्व में इस प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी थी।
उपराज्यपाल के अनुसार, नए जिलों के गठन से प्रशासन का विकेंद्रीकरण होगा और जमीनी स्तर पर शासन और अधिक मजबूत बनेगा। खासकर दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब सरकारी सेवाएं तेजी से उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यह कदम न केवल प्रशासन को नागरिकों के करीब लाएगा, बल्कि क्षेत्र में विकास, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी पैदा करेगा। इस निर्णय को लद्दाख के समग्र विकास और उज्जवल भविष्य की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
विज्ञापन