असम : सियासी उलटफेर: मंत्री नंदिता गरलोसा BJP छोड़ कांग्रेस में शामिल
Munesh Kumar Shukla Mon, Mar 23, 2026
असम की हिमंत बिस्वा सरमा सरकार में खेल और युवा कल्याण मंत्री रहीं नंदिता गरलोसा ने विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक कदम उठाते हुए BJP छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। बताया जा रहा है कि उन्हें पार्टी की ओर से टिकट नहीं मिलने के बाद यह फैसला लिया गया।
कांग्रेस के अनुसार, नंदिता गरलोसा दिमा हसाओ जिले की हाफलोंग विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगी। पहले इस सीट से कांग्रेस ने अपने राज्य महासचिव निर्मल लंगथासा को टिकट दिया था, लेकिन उन्होंने गरलोसा के समर्थन में अपनी उम्मीदवारी वापस लेने पर सहमति जताई।
कांग्रेस ने अपने बयान में गरलोसा का स्वागत करते हुए कहा कि वह पिछले पांच वर्षों से दिमा हसाओ की मजबूत आवाज रही हैं और हमेशा अपने सिद्धांतों पर अडिग खड़ी रही हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि BJP में उन्हें अपने विचारों की कीमत चुकानी पड़ी, क्योंकि राज्य सरकार की प्राथमिकता आदिवासी जमीनों को बड़ी कंपनियों को सौंपना है।
वहीं, BJP ने इस बार हाफलोंग सीट से रुपाली लांगथासा को उम्मीदवार बनाया है। नंदिता गरलोसा ने मंत्री पद और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने के तुरंत बाद कांग्रेस जॉइन कर ली। असम बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया को भेजे गए अपने त्यागपत्र में उन्होंने तत्काल प्रभाव से पार्टी छोड़ने की बात कही।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा हाल ही में हाफलोंग स्थित गरलोसा के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे थे, लेकिन इस मुलाकात के नतीजों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 9 अप्रैल 2026 को मतदान होगा, जबकि चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
विज्ञापन