देशभर में बदला मौसम का मिजाज : कई राज्यों में बारिश-ओले का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी
Munesh Kumar Shukla Sat, Apr 4, 2026
देशभर में गर्मी की शुरुआत के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली, पंजाब समेत 11 राज्यों में शनिवार को तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में शुक्रवार को 36 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि आज कई इलाकों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
वहीं राजस्थान के जैसलमेर और बीकानेर जैसे रेगिस्तानी इलाकों में भी जोरदार ओलावृष्टि हुई। अजमेर और ब्यावर में तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गए और टीन शेड उड़ गए। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है।
उत्तर प्रदेश में कोसीकला की अनाज मंडी में रखी करीब 10 हजार बोरियों में 5 हजार क्विंटल गेहूं बारिश में भीग गया, जिससे किसानों को नुकसान हुआ है। इससे पहले राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने की घटनाओं में 5 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिला है। शिमला में तेज तूफान और हल्की बारिश हुई, जबकि लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई। केदारनाथ में भी ताजा हिमपात हुआ है।
इसके अलावा अटल सुरंग के पास भारी बर्फबारी के चलते आवाजाही प्रभावित हुई है और मार्ग को बंद करना पड़ा है।
मौसम के इस बदले रुख ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर किसानों और आम जनजीवन पर असर भी डाला है।
विज्ञापन